महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़ का आरोप
बीकानेर न्यूज़। नोखा थाने में एक महिला ने टैक्सी चालक और उसके साथियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 15 सितंबर को वह अपनी बेटी और बेटे के साथ रेलवे स्टेशन के सामने खड़ी थी। इसी दौरान टैक्सी चालक कानसिंह उन्हें एक गांव में छोड़ने के लिए अपनी गाड़ी में बिठा ले गया। रास्ते में कानसिंह ने महिला को नशीला पदार्थ मिला पानी पिला दिया। बेहोश होने पर उसे करणीनगर स्थित अपने घर ले गया। वहां उसने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व फोटो भी बना लिए।
आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी। कानसिंह की मां गीता कंवर भी इस अपराध में शामिल थी। वह पीड़िता को खाने-पीने की चीजों में नशीली दवाएं देती थी। बाद में दोनों उसे नोखा के उगमपुरा स्थित मकान में ले गए। वहां भी कानसिंह ने कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी महिला की नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़ करता था। एक अन्य आरोपी गणेश जाट ने भी चार महीने पहले पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने महिला का हाथ तोड़ दिया। पीड़िता 23 फरवरी को अपनी बेटी के साथ आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।